अनूपपुर 23 अप्रैल 2026/ मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा व राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 अनूपपुर जिले के 03 परीक्षा केन्द्रों पर 26 अप्रैल 2026 को ओ.एम.आर. पद्धति से प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक एवं दोपहर 2ः15 बजे से शाम 4ः15 बजे तक दो सत्रो में आयोजित की जाएगी।
उक्त परीक्षा निर्विघ्न, सुव्यवस्थित एवं शुचिता पूर्ण सम्पन्न हो, इसके लिए आयोग द्वारा नवीन प्रक्रिया के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। जिसमें कहा गया है कि राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों हेतु परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश के दौरान त्रिस्तरीय नवीन जांच प्रक्रिया (बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्केनिंग, एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी) प्रारंभ की गई है। इसके लिए परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों को अनिवार्यतः 90 मिनिट पूर्व पहुंचना होगा, ताकि त्रिस्तरीय जांच की जा सके।
परीक्षा केन्द्र के प्रवेश द्वार के समीप अनुमत एवं वर्जित वस्तुओं की जानकारी चस्पा होगी, जिसका पूर्णतः पालन किया जाना होगा। परीक्षार्थियों की HHMD के माध्यम से दोनो सत्रों में जांच (Frisking) की जाएगी, जिसमें पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष वीक्षकों द्वारा एवं महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला वीक्षक द्वारा (Cabin में) की जाएगी। ट्रांसजेण्डर अभ्यर्थियों के पास विकल्प होगा कि वह अपनी फ्रिस्किंग महिला अथवा पुरुष कर्मचारी से करवाना चाहते हैं। परीक्षार्थियों की दोनो सत्रों में त्रिस्तरीय जांच की जाएगी, तत्पश्चात् परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थी स्वयं के साथ केवल बॉलपेन एवं एक पानी की पारदर्शी बॉटल, ई-प्रवेश पत्र व आई.डी. कार्ड साथ में ला सकते हैं।













































