एमसीबी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के परिवहन में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (आईपीएस) और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 23 अप्रैल 2026 को पेट्रोलिंग के समय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी से अवैध शराब लेकर बिक्री के लिये जा रहा है।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीम ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्रीलाल बसोर उम्र 45 वर्ष निवासी लालपुर बसोरपारा वार्ड क्रमांक 13 थाना मनेन्द्रगढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 87 नग अंग्रेजी शराब (गोवा कंपनी) प्रत्येक में 180 एमएल, कुल 15,660 एमएल शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 11,745 रुपये आंकी गई है साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मेजस्ट्रो स्कूटी कीमत लगभग 50 हजार रुपये भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय पर कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले ने आश्वस्त किया है की अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।
इस पूरी कार्यवाही में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रधान आरक्षक नवीनदत्त तिवारी, प्रिंस राय, आरक्षक ज्ञानेश्वर, विनोद और मोहम्मद आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













































