कोरिया। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैकुण्ठपुर नगर पालिका द्वारा शहर के लगभग 8 से 10 स्थानों पर वाटर फिल्टर लगाये गये थे लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि इनमें से अधिकांश वाटर फिल्टर बंद पड़े हैं और लोगों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पा रही है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित इन वाटर फिल्टरों में ठंडा पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है। कई जगहों पर मोटर और कंप्रेसर खराब हो चुके हैं वहीं कुछ स्थानों पर उपकरण पूरी तरह से निष्क्रिय होकर कबाड़ में तब्दील होते नजर आ रहे हैं।
इस संबंध में बैकुण्ठपुर
निवासी समाजसेवी और गौसेवक अनुराग दुबे ने बताया कि कई वाटर फिल्टरों के नल टूटे हुए हैं और अधिकांश स्थानों पर बिजली कनेक्शन तक नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा केवल औपचारिकता निभाते हुए इन्हें स्थापित कर दिया गया लेकिन इनके रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में जब ठंडे पानी की सबसे अधिक जरूरत होती है तब ये वाटर फिल्टर शोपीस बनकर रह गये हैं। ऐसे में नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी कैसे उपलब्ध कराया जायेगा।
शहरवासियों ने नगर पालिका से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब पड़े वाटर फिल्टरों की मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाये ताकि आमजन को राहत मिल सके।













































