मनेन्द्रगढ़। शहर में स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ी पहल की जा रही है जिसके तहत मई माह के पहले सप्ताह में निःशुल्क ‘सर्व रोग निवारण’ योग शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इस आयोजन को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं और इसे सफल बनाने के लिये 3 मई को शाम 5 बजे राजस्थान भवन में एक अहम बैठक आयोजित की जायेगी।
इस बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है ताकि आयोजन को व्यापक रूप दिया जा सके।।
आयोजन से जुड़े पंतजलि योग पीठ के सेंट्रल कोऑर्डिनेटर संजय अग्रवाल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने के लिये प्रेरित करना है। उन्होंने जानकारी दी कि यह शिविर पूरी तरह निःशुल्क होगा जिससे समाज के हर वर्ग के लोग इसमें भाग लेकर लाभ उठा सकें। शिविर में योगाभ्यास के साथ-साथ न्यूरोथैरेपी, मर्म चिकित्सा और साउंड हीलिंग जैसी वैकल्पिक उपचार पद्धतियों की जानकारी और सेवाएं भी उपलब्ध कराई जायेगी। शिविर में देश के अनुभवी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है जो लोगों का मार्गदर्शन करेंगे।
आयोजकों का लक्ष्य इस शिविर में लगभग 1000 लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसके लिये शहर में जनजागरूकता अभियान चलाने और विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार की योजना बनाई जा रही है। 3 मई को आयोजित बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रणनीति, जिम्मेदारियों का बंटवारा और व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की जायेगी। आयोजकों ने सभी वर्गों से इस पहल में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह आयोजन केवल एक शिविर नहीं बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


















































