एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ के रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में भक्ति का अनोखा माहौल बना हुआ है जहां बीते दो दिनों से 72 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन निरंतर जारी है। “हरे राम-हरे कृष्ण” के जयघोष से पूरा इलाका आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। अब यह श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण आयोजन 26 अप्रैल को भव्य समापन के साथ पूर्ण होगा।
57वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस संकीर्तन में दिन-रात भजन-कीर्तन का क्रम बिना रुके चल रहा है। दूर-दराज से पहुंची संकीर्तन मंडलियां अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रही हैं। ढोल-मंजीरा और कीर्तन की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नामस्मरण कर रहे हैं।
आयोजन स्थल पर स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को और भी खास बना रही है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिये बैठने की व्यवस्था, पेयजल और प्रसाद वितरण की सुचारू व्यवस्था की गई है जिससे सभी को सहज वातावरण में भक्ति का आनंद मिल सके।
आयोजकों के अनुसार यह परंपरा वर्ष 1970 से लगातार चली आ रही है और समय के साथ इसका स्वरूप और अधिक भव्य होता गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। धार्मिक मान्यता है कि अखंड हरिनाम संकीर्तन में भाग लेने से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त होता है। यही वजह है कि लोग पूरे श्रद्धाभाव से इसमें शामिल हो रहे हैं।
समापन अवसर पर 26 अप्रैल को विशेष पूजा-अर्चना के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जायेगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
मनेन्द्रगढ़ का यह आयोजन ना केवल आस्था का केंद्र बना हुआ है बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।


















































