कोतमा रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक स्वागत: यूपीएससी में चयनित प्रवीण पटेल का कोयलांचल ने किया भव्य अभिनंदन

---Advertisement---

 

जमुना कोतमा, 22 अप्रैल 2026।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 781वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले प्रवीण कुमार पटेल का आज कोतमा रेलवे स्टेशन पर अभूतपूर्व और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। जैसे ही निजामुद्दीन–अंबिकापुर ट्रेन से प्रवीण पटेल कोतमा स्टेशन पहुंचे, पूरा स्टेशन “बधाई हो” के नारों, बैंड-बाजों और आतिशबाजी से गूंज उठा।

 

कोयलांचल क्षेत्र के लोगों ने अपने इस होनहार बेटे के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी। फूल-मालाओं से लदे प्रवीण पटेल का स्वागत जमुना कॉलोनी, भालूमाड़ा और कोतमा नगर के सैकड़ों नागरिकों ने एकजुट होकर किया। स्टेशन परिसर में उमड़ी भीड़ ने इस पल को उत्सव में बदल दिया।

 

स्वागत के दौरान भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिले। प्रवीण के माता-पिता, विशेषकर उनकी मां, अपने बेटे की इस ऐतिहासिक सफलता और सम्मान को देखकर भावुक हो उठीं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। यह पल वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए गर्व और भावनाओं से भरा रहा।

 

रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ यह स्वागत जुलूस पूरे कोतमा नगर और जमुना कॉलोनी तक निकाला गया। इस दौरान राम जानकी मंदिर और शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रवीण ने आशीर्वाद लिया। जगह-जगह लोगों ने उनका अभिनंदन किया और युवाओं के लिए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।

 

मीडिया से बातचीत में प्रवीण पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और सतत मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि यह सफलता उन्हें पहले प्रयास में नहीं मिली, बल्कि कई बार इंटरव्यू तक पहुंचने के बाद इस बार उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि “संसाधन सीमित नहीं होते, बल्कि हमारी सोच सीमित हो जाती है। आज इंटरनेट के माध्यम से घर बैठे भी तैयारी संभव है, बस आत्मविश्वास और निरंतरता जरूरी है।”

 

उन्होंने यह भी कहा कि उनका सपना जमीनी स्तर पर काम करने का है और विशेष रूप से जमुना-कोतमा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास करना चाहते हैं, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।

 

प्रवीण कुमार पटेल की इस उपलब्धि और उनके भव्य स्वागत ने पूरे क्षेत्र में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। उनका संघर्ष और सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

April 22, 2026

April 22, 2026

April 22, 2026

April 22, 2026

April 22, 2026

April 22, 2026

Leave a Comment