पसान दौरे से पहले कांग्रेस में घमासान: अजय सिंह राहुल भैया के कार्यक्रम से संजू मिश्रा–आशीष मिश्रा का नाम कटा, गुटबाजी उजागर

---Advertisement---

 

 

जमुना कोतमा अजय सिंह राहुल भैया के 22 अप्रैल को प्रस्तावित अनूपपुर दौरे से पहले ही कांग्रेस संगठन में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। पहले जारी कार्यक्रम में उनका पसान स्थित कांग्रेस नेताओं संजू मिश्रा–आशीष मिश्रा के निवास पर आगमन तय था, लेकिन बाद में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) भोपाल द्वारा जारी संशोधित सूची में इस दौरे को हटा दिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ गया है।

 

जानकारी के अनुसार, पहले जारी सूची में दोपहर 2:30 बजे संजू मिश्रा–आशीष मिश्रा के निवास पर भेंट-मुलाकात का कार्यक्रम तय था। लेकिन दूसरे ही दिन जारी नई सूची में इस स्थान को हटाए जाने से स्थानीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। संजू मिश्रा–आशीष मिश्रा ने इस निर्णय पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं कोई आग्रह नहीं किया था, लेकिन जब आधिकारिक सूची में नाम शामिल था तो उसे हटाना गलत है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गुटबाजी चरम पर है और इसी कारण पूर्व में नगर पालिका चुनाव में जीते पांच कांग्रेसी पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ स्थानीय नेता चुनाव के दौरान भाजपा के पक्ष में सक्रिय रहे, जिसके प्रमाण उनके पास मौजूद हैं और समय आने पर सामने लाए जाएंगे।

 

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जहां एक ओर राहुल भैया का दौरा संगठन को एकजुट करने की कोशिश है, वहीं दूसरी ओर पसान में उभरी यह खींचतान कांग्रेस की अंदरूनी कमजोरियों को उजागर कर रही है। यह घटनाक्रम आने वाले समय में जिले की राजनीति पर असर डाल सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment