मनेन्द्रगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ ने इस वर्ष भी शानदार उपलब्धि हासिल की है। शैक्षणिक सत्र 2025–26 की कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में विद्यालय ने 100% परिणाम दर्ज कर एक नया मानक स्थापित किया है जो क्षेत्र के लिये गर्व का विषय बन गया है।
विद्यालय का यह परिणाम केवल अंकों का आंकड़ा नहीं बल्कि विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और प्रबंधन की दूरदर्शिता का सम्मिलित प्रतिफल है।
*टॉपर्स ने दिखाई प्रतिभा की चमक*
इस वर्ष अर्चित दुजानिया ने 96% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। लिज़ा दीवान ने 95% अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। ऋषि वर्मा और रचित गुप्ता ने 91-91% अंक लाकर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर अपनी जगह बनाई वहीं मनजोत सलूजा ने 90% अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में इशान साहू (86%), हरनीश चावला (85%), अर्नव अग्रवाल (84.4%), अवंतिका सिंह (83.6%) और अदिति प्रधान (83.2%) ने भी बेहतरीन अंक हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में योगदान दिया।
विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का वातावरण बन गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इस सफलता का श्रेय सामूहिक प्रयास और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल को दिया। प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्ता आधारित शिक्षा और अनुशासन का परिणाम है। वहीं निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
प्रेरणा का स्रोत बना परिणाम
विद्यालय का यह शत प्रतिशत परिणाम ना केवल एक उपलब्धि है बल्कि उन सभी विद्यार्थियों के लिये प्रेरणा है जो अपने सपनों को साकार करने के लिये संघर्षरत हैं। यह सफलता संदेश देती है कि समर्पण और सही दिशा के साथ हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


















































