अनूपपुर 17 अप्रैल 2026/ जिले में संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत जन अभियान परिषद के माध्यम से जल संरक्षण की गतिविधियाँ निरंतर जारी हैं। इसी कड़ी में सेक्टर-1 दुधमनिया के अंतर्गत नवांकुर संस्था आजाद नवयुवक ग्रामीण संस्थान हर्राटोला द्वारा ग्राम पंचायत हर्राटोला में जल चौपाल का आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों के साथ जल बचाने एवं ग्राम की छोटी-छोटी नदियों व नालों में जल सुरक्षित करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों और ग्रामीणों ने इस बात पर जोर दिया कि वर्षा ऋतु के पूर्व स्थानीय जल स्त्रोतों को पुनर्जीवित करना अनिवार्य है ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
जल चौपाल में ग्रामवासियों ने नवांकुर संस्था के साथ मिलकर जल संरक्षण हेतु सामूहिक श्रमदान करने का निर्णय लिया। इसके तहत आगामी दिनों में ग्राम के समीप स्थित जल संरचनाओं की सफाई और गहरीकरण का कार्य जन-भागीदारी से किया जाएगा।
आजाद नवयुवक ग्रामीण संस्थान हर्राटोला के सदस्यों ने ग्रामीणों को ‘‘जल शपथ’’ दिलाई और बताया कि किस प्रकार छोटे-छोटे प्रयासों से गांव के जल स्तर को सुधारा जा सकता है। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के वालंटियर्स, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।














































