मनेन्द्रगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर और युवा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में उत्साहपूर्ण और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान दिया शर्मा द्वारा दीप मंत्र प्रस्तुत कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके बाद कबड्डी, वॉलीबॉल, शतरंज, 100 मीटर दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद जैसी कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं में कबड्डी और वॉलीबॉल में खड़गवां की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। शतरंज प्रतियोगिता में मनेन्द्रगढ़ के अक्षर ने प्रथम, लेदरी की नीतू ने द्वितीय और कछौड़ की किरण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में खड़गवां की कौशल्या ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि मनेन्द्रगढ़ की माही दूसरे और खड़गवां की फुल कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार गोला फेंक प्रतियोगिता में खड़गवां की पार्वती ने प्रथम, राजकुमारी ने द्वितीय और अमृता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं लंबी कूद प्रतियोगिता में मनेन्द्रगढ़ की माही ने प्रथम, अनीशा ने द्वितीय और खड़गवां की राजकुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का उत्साहवर्धन कार्यक्रम को और भी जीवंत बनाता रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत खोंगापानी की अध्यक्ष श्रीमती ललिता यादव, जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती जानकी कुसरो और नगर पंचायत झगराखाण्ड की अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव मौजूद रहीं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही है। खेल, शिक्षा, सामाजिक कार्य और प्रशासनिक क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिये निरंतर अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिये जिससे वे अपनी प्रतिभा को और अधिक निखार सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन शिवकुमार चौधरी ने किया जबकि अंत में जिला खेल सहायक अधिकारी रणधीर सिंह ठाकुर ने उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन और खेल विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी और दर्शक उपस्थित रहे।






