कोरिया। जिले के थाना पटना क्षेत्र में गौवंशीय पशुओं की हत्या के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी कार्यवाही की है। बैकुंठपुर निवासी गौ सेवक एवं समाजसेवी अनुराग दुबे की सूचना पर पुलिस ने ग्राम खांडा में दबिश देकर मामले का खुलासा किया।
मिली जानकारी के अनुसार 25 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि ईश्वर कुमार, उसकी पत्नी चंदाबाई और उनके नाबालिग पुत्र द्वारा दो कृषि योग्य गौवंशीय पशुओं की हत्या कर उनके मांस का उपयोग किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।।पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे और एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्यवाही के दौरान आरोपियों के पास से गौवंशीय पशुओं का मांस और घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (खुखरी) बरामद किया गया साथ ही विधिवत पंचनामा तैयार कर पशु चिकित्सक द्वारा मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी ईश्वर कुमार (29 वर्ष) और उसकी पत्नी चंदाबाई (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया जबकि नाबालिग को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया। सभी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्यवाही कर अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।


















