स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी, बेटियों को लगवाएं एचपीवी टीका: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
रोटरी राहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सक दे रहे सेवाएं
शहडोल, 14 मार्च। मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को शहडोल के शासकीय आईटीआई परिसर में आयोजित तीन दिवसीय रोटरी राहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। यह शिविर रोटरी क्लब शहडोल, मंडला मेकल एवं जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउंडेशन, चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील और जागरूक रहना आवश्यक है। वर्तमान समय में असंतुलित खान-पान और जीवनशैली के कारण अनेक बीमारियां बढ़ रही हैं, इसलिए योग, प्राणायाम और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निरोगी काया अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला घर-घर जाकर बीपी, शुगर, हृदय रोग, फैटी लीवर और कैंसर सहित अन्य बीमारियों की जांच कर रहा है। साथ ही बालिकाओं के हिमोग्लोबिन की जांच कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सुरक्षित रह सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 फरवरी से सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह तक की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर जीवनरक्षक एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं।
राज्यसभा सदस्य श्री विवेक कृष्ण तन्खा ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा जरूरतमंद लोगों के लिए लगातार निःशुल्क राहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के सहयोग से ही राहत का जन्म होता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविरों की शुरुआत मंडला जिले से की गई थी, जहां बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण अभियान को जनआंदोलन बनाने की भी अपील की।
इस अवसर पर भोपाल के चिरायु अस्पताल के संचालक डॉ. गोयनका सहित देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। गंभीर रोगियों के लिए भोपाल में निःशुल्क उपचार की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में प्रख्यात सर्जन डॉ. विशाल कुन्दनानी सहित विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सकों को रोटरी क्लब द्वारा स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर चिकित्सकों से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। कार्यक्रम में विधायक जयसिंह मरावी, मनीषा सिंह, शरद कोल, फुंदेलाल मार्को, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 15 मार्च तक शासकीय आईटीआई परिसर शहडोल में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में कैंसर, रीढ़, हड्डी, स्त्री रोग, शिशु रोग, किडनी, मूत्र रोग, चर्म रोग, नाक-कान-गला सहित कई रोगों का निःशुल्क परामर्श एवं उपचार किया जा रहा है। साथ ही डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, ईको, कैंसर जांच, आंखों की जांच, डायबिटीज परीक्षण और फेफड़ों की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।







