बाल-बाल बचे सपा नेता लालचंद्र, 5-7 लोगों ने किया जानलेवा हमला
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां, सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव पर हमला किया गया है। हमले में प्रदेश सचिव घायल हो गए हैं। उन्हें आनन फानन में जिला अस्पताल में एडमिट किया गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सपा के कई कार्यकर्ता समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लालचंद्र से मिलने पहुंचे और उनका हाल चाल जाना। सपा नेता ने हमलावरों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
यह पूरा मामला जिले के देहात कोतवाली के चंदवतपुर क्षेत्र की घटना है। जहां, देर शाम चंदवतपुर के रास्ते से घर जाते समय समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लालचंद्र पर हमला हुआ। हमले में उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर सपा नेता भी अस्पताल पहुंचे। मामले को लेकर सपाइयों और पुलिस के बीच बहस हुई। हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई गई। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।