एमसीबी/रायपुर। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष अजीत दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज्य गठन के बाद से वन विभाग में मैदानी संरचना के सेटअप का पुनरीक्षण लंबित था। अपनी औचित्यपूर्ण मांग को लेकर संघ पिछले 25 वर्षों से शासन-प्रशासन के समक्ष लगातार ज्ञापन प्रस्तुत कर अनुरोध करता आ रहा था। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026 के बजट में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वन विभाग के मैदानी अमले के लिये 1000 से अधिक पद स्वीकृत करते हुए सेटअप पुनरीक्षण की घोषणा की गई है। होली पर्व के पूर्व मिली इस सौगात से प्रदेश के वन कर्मचारियों में हर्ष का वातावरण है।
संघ ने सेटअप पुनरीक्षण के लिये पद स्वीकृत किये जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया साथ ही वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव तथा अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा के प्रति भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया है।
संघ ने कहा कि प्रदेश के वन कर्मचारियों के दायित्वों को समझते हुए शासन स्तर पर त्वरित सहमति प्रदान की गई जिसके लिए समस्त वन कर्मचारी आभारी हैं।
बजट घोषणा के उपरांत संघ के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री, वन मंत्री, प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एवं अपर मुख्य सचिव से सौजन्य भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रांताध्यक्ष अजीत दुबे के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश कुमार मिश्रा, एच.बी. शास्त्री, संतोष कुमार सामंतराय, तरूणेन्द्र रजक, मनीष कुशवाहा, अहफाज खान, शैलेष गुप्ता, प्रीतम पुराइन, सावन साहू, माधव राजवाड़े, रामकिशन साहू, मुकेश दुबे, मनमोहन दास बारले सहित प्रांतीय, संभागीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।







