मनेन्द्रगढ़। क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग को गंभीरता से लेते हुए कोरबा लोकसभा क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11751/11752) को प्रतिदिन संचालित किये जाने की मांग की है।
सांसद महंत ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस इस क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिये जीवनरेखा के समान है। कोविड-19 महामारी से पूर्व यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होती थी जिससे आमजन, विद्यार्थी, कर्मचारी और व्यापारियों को आवागमन में अत्यंत सुविधा प्राप्त होती थी। वर्तमान में इस ट्रेन का सीमित दिनों में संचालन होने के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन को शीघ्र प्रभाव से प्रतिदिन संचालित करने के लिये आवश्यक निर्देश जारी किये जायें ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और उनका दैनिक जीवन सुगम हो सके।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने सांसद महंत के इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह मांग पूरी तरह जनभावनाओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस के प्रतिदिन संचालन से कोरिया सहित पूरे संभाग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ शहर सौरव मिश्रा ने कहा कि सांसद महंत द्वारा उठाया गया यह मुद्दा क्षेत्र के आम नागरिकों की आवाज है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के लिये अत्यंत आवश्यक है। इसके नियमित संचालन से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।















