अनूपपुर 13 मार्च 2026- मध्य प्रदेश शासन में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने आज जनपद पंचायत कोतमा के अंतर्गत ग्राम पंचायत उरतान से कामरान टोला मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस मार्ग की लंबाई लगभग 1.700 किलोमीटर है तथा इसके निर्माण पर 117.02 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क सुदृढ़ होने से आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के लोगों को विकास की नई सुविधाएँ प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अधोसंरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और गांवों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष जनपद पंचायत कोतमा श्री अभिषेक सिंह, जिला पंचायत सदस्य रामजी रिंकू मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।








