पसान में जिले का पहला पंजीकृत मछली विक्रय केंद्र शुरू, स्वच्छता और व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
भालूमाड़ा/पसान। अनूपपुर जिले में मत्स्य व्यवसाय को संगठित और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर पालिका परिषद पसान में जिले का पहला पंजीकृत मछली विक्रय केंद्र (स्मार्ट फिश पार्लर) शुरू किया गया। इसका शुभारंभ 17 मार्च को मत्स्य विभाग की निरीक्षक श्रीमती वर्षा दुर्गा, सहायक संचालक एस.के. सोंधिया तथा नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह के द्वारा किया गया।
मत्स्य विभाग द्वारा बताया गया कि मछली के खुदरा या थोक व्यापार के लिए स्थानीय निकाय या मत्स्य विभाग से लाइसेंस तथा एफएसएसएआई पंजीकरण अनिवार्य होता है। साथ ही मछली की बिक्री केवल शासन द्वारा निर्धारित मार्केट या अस्थाई शेड में ही की जा सकती है, जिससे खुले में गंदगी न फैले और आम लोगों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का संरक्षण हो सके। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन के प्रयासों से पसान में इस पंजीकृत मछली विक्रय केंद्र की शुरुआत की गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह ने बताया कि वार्ड क्रमांक 11 स्थित सब्जी मंडी के पास लाइसेंसी मछली विक्रय केंद्र शुरू होने से अब नगरवासियों को एक निश्चित और स्वच्छ स्थान पर मछली उपलब्ध होगी। इससे नगर में जगह-जगह अनियमित रूप से संचालित दुकानों पर भी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर में स्वच्छता बनाए रखते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। आने वाले समय में मुख्य मार्गों और गली-मोहल्लों में संचालित मीट, मटन और चिकन की दुकानों को भी व्यवस्थित रूप से यहां बनाए जाने वाले शेड में स्थानांतरित करने की योजना है, जिससे स्वच्छता और व्यवस्था दोनों बनी रहे।
मत्स्य विभाग की निरीक्षक श्रीमती वर्षा दुर्गा ने बताया कि जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में मछली विक्रय के लिए कुल 13 पंजीकृत दुकानें स्थापित की जानी हैं, जिनमें सबसे पहले पसान नगर पालिका क्षेत्र में यह केंद्र बनकर संचालित हो रहा है। इससे मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी संगठित और सुरक्षित व्यापार का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेता लाल बहादुर जायसवाल ने कहा कि जिले में पहली बार पसान में इस प्रकार का पंजीकृत मछली विक्रय केंद्र शुरू होना सराहनीय पहल है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और पूरी परिषद को इसके लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर मीट-मछली की दुकानें स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित हो रही हैं, जिस पर शासन-प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या या दुर्घटना की स्थिति न बने।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशांक आर्मो, उपयंत्री उमेश त्रिपाठी, अविनाश मरकाम, अनुभव त्रिपाठी, मत्स्य विभाग के सहायक संचालक एस.के. सोंधिया, उपाध्यक्ष अजय यादव, भाजपा अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, पार्षद सुशील तिवारी, अब्दुल कलाम, इंद्रलाल केवट, सूर्यप्रकाश लोधी, श्रीमती अल्का, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर जायसवाल, दीपक सिंह सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


















