पसान में आज भव्य माता का जगराता: सुप्रसिद्ध गायिका रिजा खान और भैया ताली बजा लेना फेम बाली ठाकरे देंगे भक्ति की प्रस्तुति
पसान (अनूपपुर)
कोयलांचल नगरी ग्राम पसान में आयोजित 9 दिवसीय भव्य श्रीराम कथा के समापन के पश्चात आज श्रद्धा और भक्ति का विशाल आयोजन माता के भव्य जगराते के रूप में किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में मध्य भारत की सुप्रसिद्ध भजन गायिका रिजा खान अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। रिजा खान मध्य भारत ही नहीं बल्कि पूरे देश में माता रानी के भजनों के माध्यम से भक्ति की अलख जगाने के लिए जानी जाती हैं।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में “भैया ताली बजा लेना” भजन से प्रसिद्ध गायक बाली ठाकरे भी अपनी प्रस्तुति देंगे, जिनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठते हैं। इसके साथ ही जबलपुर के लोकप्रिय कलाकार सचिन तिवारी एवं जेएमडी म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भी भक्ति संगीत की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
आयोजन समिति के प्रमुख आशीष मिश्रा ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि इस भव्य माता जगराता में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
धार्मिक आयोजन को लेकर ग्राम पसान सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे वे पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ कार्यक्रम का आनंद ले सकें। आयोजकों को उम्मीद है कि माता के जगराते में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति का पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।


















