अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच पटवारियों का सशर्त सामूहिक इस्तीफा, 10 सूत्रीय मांगों पर ठोस निर्णय की मांग
अनूपपुर। जिले की कोतमा, अनूपपुर, जैतहरी और पुष्पराजगढ़ तहसीलों के समस्त पटवारियों ने 12 फरवरी 2026 से जारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल के दौरान सशर्त सामूहिक इस्तीफा सौंपते हुए प्रशासन से 10 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निराकरण की मांग की है। तहसीलदार को संबोधित आवेदन में पटवारी संघ ने आरोप लगाया कि समस्याओं के समाधान के बजाय जिला प्रशासन द्वारा हड़ताल समाप्त कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है तथा व्यक्तिगत नोटिस, सेवा समाप्ति की चेतावनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही जा रही है।
आवेदन में उल्लेख है कि पिछले 15 दिनों से राजस्व संबंधी महत्वपूर्ण कार्य—नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा तरमीम, फार्म रजिस्ट्री, विभिन्न प्रकरणों की जांच प्रतिवेदन, जाति प्रमाण पत्र जारी करना तथा गिरदावरी—प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम जनता को असुविधा हो रही है। संघ का कहना है कि प्रगति के आंकड़ों के आधार पर चयनात्मक कार्रवाई कर कर्मचारियों का मनोबल तोड़ा जा रहा है।
पटवारियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के वातावरण में निष्पक्ष कार्य संभव नहीं है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि 10 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक व सम्मानजनक निर्णय नहीं लिया गया तो सामूहिक इस्तीफा स्वीकार किया जाए। समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है।

