एमसीबी/चिरमिरी। समाज को स्वस्थ, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नगर निगम चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 28 में 15 बेड वाले अत्याधुनिक नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के प्रयासों से स्थापित किया गया है जो नशा पीड़ितों के उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास के लिये समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया और निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
अपने संबोधन में मंत्री जायसवाल ने कहा कि यह केंद्र केवल एक सुविधा नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है जो व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और कौशल विकास जैसे रचनात्मक कार्यों में लगायें क्योंकि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं बल्कि नई समस्याओं की जड़ है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर रामनरेश राय ने कहा कि यह नशा मुक्ति केंद्र नगर निगम क्षेत्र में जागरूकता और सुधार का केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनजागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक अंजना बेक, केंद्र संचालक प्रभाकर कुमार द्विवेदी, अधीक्षक अंकित खटीक सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया और समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिये सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब नशा मुक्ति के लिये बेहतर इलाज और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा।















