मैहर से सकुशल मिलीं दो नाबालिग बालिकाएं, अनूपपुर पुलिस ने परिजनों को सौंपा
अनूपपुर। कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को मैहर (जिला मैहर) से सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 को कोतवाली अनूपपुर क्षेत्र की करीब 14 और 15 वर्षीय दो बालिकाएं अचानक बिना बताए घर से चली गई थीं। परिजनों द्वारा रिश्तेदारी एवं परिचितों में खोजबीन करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 179/26 एवं 180/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू कर दी।
कोतवाली प्रभारी अरविन्द जैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर दोनों बालिकाओं को मैहर रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा बालिकाओं को सुरक्षित अनूपपुर लाकर आवश्यक कार्यवाही के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ के दौरान बालिकाओं ने बताया कि वे नवरात्रि के अवसर पर मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन करने के उद्देश्य से घर में बिना बताए चली गई थीं।
इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, आरक्षक दीपक बुंदेला, आरक्षक प्रकाश तिवारी, आरक्षक पंकज मिश्रा (साइबर सेल) तथा महिला आरक्षक ज्योति धार्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित और सजग कार्यवाही से दोनों बालिकाएं सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकीं, जिससे परिजनों ने अनूपपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।


















