लोहे की रॉड लेकर माता-पिता पर हमला करने घुसा पूर्व जिला बदर बदमाश गिरफ्तार

---Advertisement---

 

लोहे की रॉड लेकर माता-पिता पर हमला करने घुसा पूर्व जिला बदर बदमाश गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले

अनूपपुर।
कोतवाली पुलिस ने अपने ही माता-पिता पर हमला करने की नीयत से लोहे की रॉड लेकर घर में घुसने वाले पूर्व जिला बदर और निगरानी बदमाश को देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही मारपीट, अवैध उगाही, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गृहभेदन जैसे करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल 2026 मंगलवार को पटोराटोला निवासी बसंत वासिल (52) अपनी पत्नी के साथ थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा प्रकाश वासिल आदतन अपराधी है। वह पूर्व में जिला बदर भी रह चुका है और चार दिन पहले ही एक मामले में जेल से जमानत पर छूटकर आया है।

शिकायत में बताया गया कि मंगलवार रात लगभग 10 बजे प्रकाश वासिल लोहे की रॉड लेकर घर में घुस आया और माता-पिता के साथ मारपीट करने का प्रयास करने लगा। स्थिति को देखते हुए दोनों ने किसी तरह कमरे के अंदर खुद को बंद कर अपनी जान बचाई और बाद में पुलिस को सूचना दी।

रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 204/26 के तहत धारा 331(6), 296(B) और 351(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रकाश वासिल (31) निवासी पटोराटोला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक गोविंद पनिका, प्रधान आरक्षक शेख रशीद और आरक्षक दिलीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए दोबारा जिला बदर की कार्रवाई करने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment