कलश यात्रा के साथ शतचंडी व रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ
राजनगर में रामनवमी पर धार्मिक उत्साह, नगर भ्रमण के बाद हुई कलश स्थापना
राजनगर। चैत्र रामनवमी के प्रथम दिवस राजनगर कोयलांचल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला। देवी मंदिरों और गांव के चौरा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी उपासना के लिए पहुंचे। इसी क्रम में राजनगर उपक्षेत्र परिवार द्वारा काली मंदिर प्रांगण में श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ एवं श्री रुद्र महायज्ञ का भव्य आयोजन शुरू किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजनगर उपक्षेत्रीय प्रबंधक एस.के. खान, प्रबंधक दीपक बंटिया और नगर परिषद राजनगर के अध्यक्ष यशवंत सिंह की उपस्थिति में कलश यात्रा के साथ किया गया। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ निकली कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर पूरे नगर का भ्रमण करती हुई शिव मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पहुंची और विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ यज्ञ प्रारंभ हुआ।
यह धार्मिक आयोजन श्री श्री 108 शेषनारायण आचार्य जी महाराज के संरक्षण में संपन्न हो रहा है, जबकि यज्ञाचार्य हरगोविंद शास्त्री द्वारा वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है। आयोजन के दौरान द्वारकाधीश 80 घाट वाराणसी से आईं सुश्री शिखा तिवारी 20 मार्च से प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन देंगी।
वहीं वार्ड क्रमांक 2 स्थित राम मंदिर में भी कलश यात्रा के साथ यज्ञ की शुरुआत की गई। इस दौरान नगर के समाजसेवियों और श्रद्धालुओं द्वारा भक्तों के लिए जगह-जगह शरबत, पानी और फल की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली। पूरे नगर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना हुआ है।








