घर-घर संपर्क कर अभिभावकों व किशोरियों को किया जा रहा जागरूक
अनूपपुर 02 अप्रैल 2026 / जिले में 14 से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण का विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान की प्रभावी क्रियान्विति हेतु मैदानी अमला ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर रहा है। टीकाकरण दल द्वारा किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को टीके के महत्व एवं लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। यह अभियान किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी ने जानकारी दी कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र किशोरियों को एचपीवी टीके लगाए जा रहे हैं। जिला चिकित्सालय अनूपपुर सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फुनगा, परासी, जैतहरी, वेंकटनगर, कोठी, कोतमा, अमरकंटक, करपा, राजेन्द्रग्राम एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सकरा, राजनगर, बिजुरी, निगवानी तथा बेनीबारी में टीकाकरण कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में अब तक कुल 2651 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिसमें पुष्पराजगढ़ में 895, अनूपपुर में 796, कोतमा में 517 तथा जैतहरी में 443 किशोरियाँ शामिल हैं।















