जबलपुर/राजनगर। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव 2026 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अधिवक्ता संघ बुढार (जिला शहडोल) के अध्यक्ष एवं परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी जयकांत मिश्रा ने जबलपुर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता उनके समर्थन में जबलपुर पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला।
नामांकन के समय बुढार सहित शहडोल संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिवक्ताओं की मौजूदगी ने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया। समर्थकों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि जयकांत मिश्रा लंबे समय से अधिवक्ताओं के हितों के लिए सक्रिय रूप से संघर्ष करते रहे हैं। उनका कहना था कि परिषद में जयकांत मिश्रा जैसे अनुभवी और सक्रिय प्रतिनिधि की आवश्यकता है, जो अधिवक्ताओं की समस्याओं को मजबूती से उठा सकें।
इस अवसर पर जयकांत मिश्रा ने सभी समर्थक अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साथियों का यह विश्वास और समर्थन उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें परिषद में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है तो वे अधिवक्ताओं के अधिकार, सम्मान और सुविधाओं को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने अधिवक्ताओं से आगामी 12 मई 2026 को होने वाले मतदान में अपने पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील भी की।
मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश में अधिवक्ताओं के बीच उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में जबलपुर में जयकांत मिश्रा के नामांकन के दौरान हुआ यह शक्ति प्रदर्शन चुनावी मुकाबले को और भी रोचक बना रहा है।
















