इंस्टाग्राम पर नाबालिग की अश्लील फोटो वायरल करने वाला आरोपी छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार
अनूपपुर।
सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर नाबालिग बालिका की अश्लील फोटो और मोबाइल नंबर वायरल कर बदनाम करने वाले आरोपी को अनूपपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा पोस्ट में नाबालिग का मोबाइल नंबर डालकर आपत्तिजनक संदेश लिखा गया था, जिससे बालिका और उसके परिवार को मानसिक रूप से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका ने अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना अनूपपुर में आईटी एक्ट की धारा 67 व 67ए के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस और साइबर सेल की टीम ने इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से आरोपी की पहचान कर उसे जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी उत्तरा कुमार उर्फ उदय केवट (34) निवासी ग्राम गतवा, पोस्ट सिलादेही, थाना बिलरा, जिला जांजगीर-चांपा बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन और दो मोबाइल सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अपने माता-पिता के साथ निजी नौकरी करता था। वहीं उसकी पहचान अनूपपुर जिले की रहने वाली उक्त नाबालिग बालिका से हुई थी। बाद में जब बालिका ने उससे बातचीत बंद कर दी तो आरोपी ने नाराज होकर इंस्टाग्राम पर उसकी अश्लील फोटो और आपत्तिजनक संदेश पोस्ट कर दिए।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी बालिका, महिला या व्यक्ति को सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील फोटो, वीडियो या आपत्तिजनक संदेश पोस्ट कर परेशान किया जाता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत करें, ताकि ऐसे आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


















