अनूपपुर। जिले के ग्राम पंचायत बदर अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र पुरानी दफाई केंद्र क्रमांक 234 में ग्रेजुएशन समारोह एवं विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी विनोद परस्ते एवं परियोजना अधिकारी सीमा गाजू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेक्टर पर्यवेक्षक श्याम कुशवाह तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता मिश्रा के नेतृत्व में पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर प्री-स्कूल शिक्षा प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें विद्यालय में प्रवेश के समय किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इस शिक्षा के माध्यम से बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
समारोह में 6 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जो उनके औपचारिक शिक्षा की शुरुआत का प्रतीक है। इस दौरान बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्राम पंचायत के पंच बेबी सिंह द्वारा बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में अभिभावकों की भी सराहनीय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया।










