गायत्री परिवार जिला समन्वयक समिति का गठन, अनूपपुर में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
कोतमा अखिल विश्व गायत्री परिवार के संगठनात्मक विस्तार एवं जनजागरण अभियानों को गति देने के उद्देश्य से अनूपपुर जिले में जिला समन्वयक समिति का गठन किया गया। इस अवसर पर संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में बैठक आयोजित कर विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण किया गया तथा आगामी सामाजिक एवं जनजागरण अभियानों की रूपरेखा तय की गई
बैठक में संगठन विस्तार, गायत्री चेतना केंद्रों की गतिविधियों को मजबूत करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने पर सहमति बनी। इस दौरान संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कहा कि गायत्री परिवार केवल आध्यात्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में नैतिकता, संस्कार, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति जैसे विषयों पर भी लगातार कार्य करता रहा है
उपजोन समन्वयक जे. पी. सिंह एवं सह समन्वयक सी. आर. अहिरवार की उपस्थिति में संतोष सोनी को अनूपपुर जिले का जिला समन्वयक मनोनीत किया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले में संगठन को मजबूत बनाने के लिए ग्राम स्तर तक सक्रिय टीम तैयार की जाएगी, जो विभिन्न सामाजिक अभियानों को गति देगी
बैठक के दौरान गोष्ठी में उपस्थित लगभग चार दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न विषयों से जुड़े अभियानों के लिए प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई। इनमें नारी जागरण अभियान, युवा चेतना अभियान, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, शिक्षा एवं बाल संस्कार शाला, स्वच्छता अभियान, नशा उन्मूलन तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अलग-अलग कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपा गया
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के बीच कई प्रकार के फलदार एवं अन्य पौधों का वितरण भी किया गया तथा सभी को पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया
नवनिर्वाचित जिला समन्वयक संतोष सोनी ने कहा कि गायत्री परिवार के माध्यम से जिले में आध्यात्मिक जागरण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें और संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने आगामी दिनों में विभिन्न जनजागरण अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करने का निर्णय लिया।


















