तीन माह में 1500 से अधिक मरीजों का सफल उपचार, 220 बिस्तरीय अस्पताल बना भरोसे का केंद्र
मनेन्द्रगढ़। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में किये जा रहे सतत प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव अब एमसीबी जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की दूरदर्शी सोच, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे और अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी की सतत मॉनिटरिंग एवं नेतृत्व के चलते जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जो क्षेत्र कभी डॉक्टरों की कमी, सीमित संसाधनों और अपर्याप्त जांच सुविधाओं के कारण मरीजों के लिये चुनौतीपूर्ण था वहीं आज आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित होकर चिकित्सा क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। मनेन्द्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय अस्पताल अब ना केवल स्थानीय बल्कि आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिये भी भरोसेमंद केंद्र बन गया है।
*तीन माह के आंकड़ों में दिखी बड़ी उपलब्धि*
जनवरी से मार्च 2026 के बीच अस्पताल में कुल 1559 मरीजों का सफल उपचार किया गया जो स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ते विश्वास का संकेत है। इस अवधि में 375 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। 151 एनीमिया मरीजों का उपचार हुआ।
380 सोनोग्राफी (USG) जांचें की गईं और 50 सड़क दुर्घटना के मामलों का सफल इलाज किया गया है।
*प्रसव सेवाओं में भी बेहतर प्रदर्शन*
अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है। 238 सामान्य प्रसव, 25 सिजेरियन डिलीवरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इसके अतिरिक्त 60 जनरल सर्जरी, 18 ऑर्थोपेडिक,15 ईएनटी मामलों का सफल उपचार किया गया है।
*स्थानीय स्तर पर मिल रही उन्नत चिकित्सा सुविधा*
अस्पताल में गंभीर स्तर की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से अब जटिल बीमारियों का इलाज भी स्थानीय स्तर पर संभव हो गया है। पहले जहां मरीजों को छोटी-छोटी जांच और उपचार के लिये बाहर जाना पड़ता था वहीं अब उन्हें जिले में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री की पहल और सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में टीम वर्क और प्रतिबद्धता के साथ लगातार सुधार किये जा रहे हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, आधुनिक उपकरणों और बेहतर प्रबंधन के कारण अस्पताल की कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि हो रही है।
*नई पहचान की ओर बढ़ता एमसीबी*
एमसीबी जिला अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। शासन की दूरदर्शी नीतियों और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से आमजन को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल रहा है जिससे लोगों का भरोसा स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगातार मजबूत हो रहा है।















