ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार में आगामी जनगणना एवं मकान सूचीकरण कार्य को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी ग्रामीण धार द्वारा आज पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम हॉल में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण में अतिरिक्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी सहित ग्राम सचिव, रोजगार सहायक, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य फील्ड अमला मौजूद रहा।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, मकान सूचीकरण की कार्यप्रणाली, डेटा संकलन की सटीकता और समयसीमा के पालन को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की।
प्रशिक्षण सत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित प्रारूप के अनुसार घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित की जाए और कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मचारियों से जिम्मेदारीपूर्वक और पारदर्शिता के साथ कार्य संपन्न करने की अपेक्षा जताई है।
जनगणना और मकान सूचीकरण को शासन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि यह आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला साबित होंगे।















