24 से 27 मार्च तक होगा भूमि सर्वे
मनेन्द्रगढ़। बहुप्रतीक्षित चिरमिरी-नागपुर रोड हॉल्ट रेल परियोजना अब धरातल पर तेजी से आगे बढ़ने लगी है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय मनेन्द्रगढ़ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार परियोजना के तहत प्रभावित क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण के लिये संयुक्त सर्वे कार्य 24 मार्च से 27 मार्च 2026 तक किया जायेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 और 25 मार्च को ग्राम बंजी और सरोला में सर्वे किया जायेगा जबकि 26 और 27 मार्च को तहसील चिरमिरी के अंतर्गत ग्राम चिरईपानी, खैरबना और चित्ताझोर में सर्वे की कार्यवाही होगी। सर्वे प्रतिदिन सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। इस दौरान भूमि का चिन्हांकन, पंचनामा, फोटोग्राफी, भूमि उपयोग की जांच के साथ-साथ मकान, पेड़, कुआं, नलकूप जैसी स्थायी संरचनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया जायेगा।
परियोजना के अंतर्गत कुल 5 गांवों के 163 खसरे प्रभावित होंगे। इनमें ग्राम बंजी के 55, सरोला के 11, चिरईपानी के 41, खैरबना के 34 और चित्ताझोर के 22 खसरे शामिल हैं।
प्रशासन ने सभी प्रभावित भूस्वामियों, सह-स्वामियों एवं कब्जाधारियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेज जैसे खसरा, बी-1, ऋण पुस्तिका, विक्रय पत्र, बंटवारा एवं न्यायालय में लंबित प्रकरणों से संबंधित जानकारी के साथ मौके पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और सर्वे टीम को सहयोग प्रदान करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सर्वे के दौरान अनुपस्थित रहने या सहयोग ना करने की स्थिति में यदि कोई तथ्य छूट जाता है तो भविष्य में उत्पन्न होने वाले विवाद की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की स्वयं होगी।


















