चैत्र नवरात्रि के समापन पर निकली मां काली की भव्य शोभायात्रा, कन्या भोज व भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
राजनगर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर परिषद बनगांव के वार्ड क्रमांक 13 स्थित टीपी लाइन कमल नगर के पुराने मोहड़ा काली मंदिर में नौ दिनों तक भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की गई। नवरात्रि के अंतिम दिन मां काली की विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम के समय मां काली की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा काली मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न वार्डों से होते हुए नगर परिषद, रामनगर थाना और न्यू राजनगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः काली मंदिर प्रांगण पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जयकारों के साथ मां काली की भक्ति में लीन नजर आए।
इस अवसर पर नगर परिषद बनगांव के अध्यक्ष यशवंत सिंह और भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मां काली की पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर जिन श्रद्धालुओं ने जवारा (ज्वार) लेकर पूजा की थी, उनका विधिवत विसर्जन केवी नदी में किया गया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अभिषेक सिंह, मनीष चौहान, अनुज श्रीवास्तव, नीतिश सिंह, मनोज वैष्णव, अखंड प्रताप सिंह, गौरव पांडे, हनुमान, आलोक, अक्षय, जतिन, लाला, सोनू, छोटू, गोलू, डॉ. चार्ली, आयुष, चंद्रभान, मनोज गौतम, दीनू, समीर सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य तथा विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में नगरवासियों की बड़ी भागीदारी रही और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।


















