बहेराबांध फिल्टर प्लांट में गंदगी से भरा पानी देख लोगों में चिंता नगरपालिका बिजुरी को शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग

---Advertisement---

बहेराबांध फिल्टर प्लांट में गंदगी से भरा पानी देख लोगों में चिंता
नगरपालिका बिजुरी को शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग

बिजुरी। नगरपालिका बिजुरी एवं ग्राम पंचायत बहेराबांध और बेनीबहरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए संचालित बहेराबांध फिल्टर प्लांट की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। हाल ही में कुछ युवाओं द्वारा फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किए जाने पर पानी में अत्यधिक गंदगी, काई और जमा हुए अवशेष देखने को मिले, जिससे पेयजल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फिल्टर प्लांट के कई हिस्सों में पानी काफी गंदा दिखाई दे रहा था और टंकियों में काई की मोटी परत जमी हुई थी। पानी में मौजूद गंदगी और काई को देखकर युवाओं ने आशंका जताई कि यदि इसी तरह का पानी नगर के लोगों तक पहुंच रहा है तो इससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

निरीक्षण में जिलापचायत अनूपपुर के सदस्य राम जी रिंकू मिश्रा के नेतृत्व मे युवा समाजसेवी एवं पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष के पुत्र बृजेश बंसल, मुकेश यादव, ओमप्रकाश अहिरवार, मो. आकिब, अबुल अली, वीरेंद्र महरा सहित अन्य युवा साथी मौजूद रहे। सभी ने फिल्टर प्लांट की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के हजारों लोग इसी पानी पर निर्भर हैं, ऐसे में जल की शुद्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

युवाओं ने बताया कि फिल्टर प्लांट में पानी की साफ-सफाई और नियमित रखरखाव में लापरवाही दिखाई दे रही है। कई जगहों पर काई जमी हुई है और पानी का रंग भी साफ नहीं दिख रहा, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्ट्रेशन व्यवस्था ठीक तरीके से काम नहीं कर रही है।

इस संबंध में युवाओं ने कहा कि जल्द ही नगरपालिका प्रशासन और जिला प्रशासन से मिलकर इस समस्या की जानकारी दी जाएगी तथा फिल्टर प्लांट की नियमित सफाई, रखरखाव और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ जाती है और यदि इस समय दूषित पानी की आपूर्ति होती है तो इससे बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की जरूरत है, ताकि नगरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment