18 लीटर शराब और बाइक जब्त
एमसीबी। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के निर्देश पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना झगराखाण्ड पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम रोड पेट्रोलिंग के दौरान लेदरी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में अंग्रेजी गोवा व्हिस्की शराब लेकर मध्यप्रदेश के रामनगर डोला से झगराखाण्ड की ओर बिक्री के लिये आ रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुखबिर के बताये गये स्थान पर मोटरसाइकिल को रोका। वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की गई जिन्होंने अपना नाम कमलेश (28 वर्ष) निवासी सिपाहीपारा बौरीडांड और अजय सिंह (22 वर्ष) निवासी बौरीडांड बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो बैगों में रखी कुल 100 पाव अंग्रेजी गोवा व्हिस्की (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गई जिसकी कुल मात्रा 18 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 14,000 रुपये है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर एनएस 200 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG16CUO880) भी जब्त की गई जिसकी कीमत लगभग 1,10,000 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा शराब परिवहन के लिये कोई वैध परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में प्रभारी थाना प्रभारी सउनि जे.डी. मिंज, सउनि मनचनराम, सउनि रामरूप सिंह, प्रधान आरक्षक दानिश शेख सहित आरक्षक पुरुषोत्तम राय, कुमार गौरव, बसंत बडात्या एवं रमेश कुमार मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।















