ATM से ‘डिजिटल ड्रग नेटवर्क’ चला रहा था गिरोह, चिरमिरी पुलिस ने जड़ से उखाड़ा रैकेट
हैदराबाद कनेक्शन से सरगुजा तक फैला था जाल, मास्टरमाइंड सहित 7 आरोपी गिरफ्तार
चिरमिरी। नशे के कारोबार में अब अपराधियों ने डिजिटल तरीका अपनाते हुए एटीएम के जरिए पूरा नेटवर्क संचालित करना शुरू कर दिया था लेकिन एमसीबी जिले की चिरमिरी पुलिस ने इस हाईटेक तस्करी गिरोह का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय इस गिरोह के मास्टरमाइंड सहित सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस मामले की सबसे चौंकाने वाली कड़ी तब सामने आई जब पुलिस ने रंजीत कुमार विश्वकर्मा (गढ़वा) को गिरफ्तार किया। उसके पास से हैदराबाद निवासी वैंदला वासु का एटीएम कार्ड मिला जिसके जरिये नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार की रकम का लेन-देन किया जा रहा था।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना रसल एक्का इस एटीएम कार्ड के जरिए पूरे नेटवर्क का पैसा मैनेज करता था। यानी नशे का यह कारोबार सिर्फ जमीन पर ही नहीं बल्कि बैंकिंग सिस्टम के जरिए भी संचालित हो रहा था।
हैदराबाद से सप्लाई, सरगुजा बना बाजार
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि नशीले इंजेक्शन हैदराबाद से मंगाये जाते थे जिन्हें सरगुजा संभाग के अलग-अलग इलाकों में खपाया जाता था। इस तरह यह गिरोह कई राज्यों में फैले एक संगठित नेटवर्क के रूप में काम कर रहा था।
छोटी गिरफ्तारी से खुला बड़ा राज
पूरे मामले का खुलासा 7 अक्टूबर 2025 को हुआ। जब पुलिस ने शेख अल्ताफ और किशन रजक को रंगे हाथों पकड़ा। इनसे पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने शुभम यादव को हिरासत में लिया जिससे इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड रसल एक्का (अंबिकापुर) का नाम सामने आया।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए रसल एक्का को रायपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर वैंदला वासु (हैदराबाद) और रजत कुमार (सूरजपुर) को भी पकड़ लिया गया।
रणनीतिक ऑपरेशन से टूटी तस्करी की रीढ़
यह कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देशन में अंजाम दी गई। चिरमिरी पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत पूरे नेटवर्क की परतें खोलते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम जिसमें एएसआई नईम खान, आरक्षक राजीव रंजन तिवारी, अमित गुप्ता, सचिन खुरसेल और सैनिक प्रमोद साहू ने इस ऑपरेशन को सफल बनाया।
जेल में बंद आरोपी, पुलिस की सख्त चेतावनी
सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजकर जिला जेल बैकुंठपुर में दाखिल कराया गया है।
एमसीबी पुलिस ने संदेश दिया है की नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा। आम नागरिक भी ऐसे मामलों की सूचना देकर इस मुहिम में भागीदार बनें।







