अनूपपुर। कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम और एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को बालिका के घर से बिना बताए चले जाने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 200/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीआई अरविन्द जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार खोजबीन शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 5 अप्रैल को रेलवे स्टेशन जैतहरी से नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि मोबाइल चलाने को लेकर माता-पिता की डांट से नाराज होकर वह घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बालिका को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द पनिका, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, महिला आरक्षक कविता विकल तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार और आरक्षक पंकज मिश्रा की अहम भूमिका रही।















