अनूपपुर पहुंचे युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत; संगठनात्मक बैठक में दिए मजबूत संगठन के मंत्र
अनूपपुर। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया अपने प्रदेशव्यापी दौरे के तहत शनिवार को अनूपपुर जिले पहुंचे, जहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया। जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा तथा विधानसभा अध्यक्षों सैफ रिजवी (अनूपपुर), मो. नदीम (कोतमा) और हितेश तंबोली (पुष्पराजगढ़) के नेतृत्व में जिले के विभिन्न स्थानों पर गाजे-बाजे, आतिशबाजी और महामाला पहनाकर प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
जिले की सीमा में प्रवेश करते ही अमलाई में युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सैफ रिजवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और नारों के बीच उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला अनूपपुर पहुंचा, जहां इंदिरा चौक पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे, जहां युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव संगठन प्रभारी चेतन चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह दादू, प्रदेश मीडिया प्रभारी अभिज्ञान शुक्ला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान तथा पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में युवा कांग्रेस के जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने अपने विचार रखते हुए संगठन को मजबूत करने के सुझाव दिए। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने अपने युवा कांग्रेस के दिनों के अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की आगामी रणनीतियों, नीतियों और कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जबलपुर में आयोजित होने वाले युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के आगामी कार्यक्रम को लेकर भी कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का आह्वान किया।
बैठक का सफल संचालन एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी अहमद ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया डिंडोरी जिले के लिए रवाना हो गए।












