अंधी हत्या का खुलासा: प्रेमिका की हत्या कर पेड़ पर लटकाया शव, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर। जिले के थाना चचाई क्षेत्र में हुई अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार 25 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत बकही के सरपंच पति तीरथ सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि महादेवरा मंदिर के पास ओबी पहाड़ी के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोटने से होना पाया गया। जांच के दौरान मृतका की पहचान मृदिका (परिवर्तित नाम) के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का आरोपी सतेंद्र गुप्ता उर्फ संगम, निवासी रामपुर से प्रेम संबंध था। आरोपी अक्सर महिला से मिलने आता-जाता था और उसे अपने साथ ले जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि जब महिला ने आरोपी से पति बनाकर अपने साथ घर ले जाने की बात कही तो आरोपी उससे पीछा छुड़ाने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। 9 मार्च 2026 को आरोपी महिला को मिलने के बहाने बकही रोड पर बुलाकर मोटरसाइकिल से सुनसान जंगल में ले गया। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला के गले में दुपट्टा डालकर गला घोंट दिया और हत्या के बाद शव को पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका कर फरार हो गया।
मामले में थाना चचाई में अपराध क्रमांक 80/26 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आरोपी सतेंद्र गुप्ता उर्फ संगम, उम्र 27 वर्ष, निवासी रामपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूरे मामले के खुलासे में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांच कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी नवीन कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक राघव बागरी, सउनि नागेश सिंह, लालमणि चौधरी, किरण मिश्रा, रवेंद्र प्रसाद तिवारी, प्रधान आरक्षक विकास दहायत, राजेंद्र सिंह, अशोक बर्मन, आरक्षक विवेक मिश्रा, नत्थू मोरे, राकेश द्विवेदी, दीपक मंडलोई और उषा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















