संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में राष्ट्रसेवा , संगठन और समाज समर्पण के अद्वितीय प्रतीक रहे श्रद्धेय स्वर्गीय भगवत शरण माथुर जी की जयंती के पावन अवसर पर 13 अप्रैल 2026 सोमवार को प्रातः 11 बजे न्यास मुख्यालय, अमरकंटक में एक भव्य विचार संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है ।
यह आयोजन केवल एक स्मृति समारोह न होकर राष्ट्रभावना , संगठनात्मक ऊर्जा और समाजसेवा की प्रेरणा का एक जीवंत मंच सिद्ध होगा जहां स्व. माथुर जी के बहुआयामी व्यक्तित्व और कृतित्व को भावपूर्ण श्रद्धा के साथ स्मरण किया जाएगा ।
स्व. भगवत शरण माथुर जी ने सन 1975 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में अपने जीवन को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया था । वे एक प्रखर राष्ट्रभक्त , अनुशासित संगठनकर्ता एवं कर्मनिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे । रीवा संभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उन्होंने संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की । साथ ही वे भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की ।
उन्होंने भाजपा मध्यप्रदेश में सह-संगठन महामंत्री , प्रदेश महामंत्री (संगठन) एवं हरियाणा प्रदेश के संगठन प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए संगठन को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान दिया । इसके अतिरिक्त वे भाजपा अनुसूचित जनजाति/जनजाति मोर्चा एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय समन्वयक भी रहे । अमरकंटक स्थित श्री नर्मदे हर सेवा न्यास के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में भी उनका योगदान अत्यंत प्रेरणादायक रहा है ।
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी का विषय “पंच परिवर्तन” रखा गया है जिसके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में सार्थक विमर्श किया जाएगा ।
कार्यक्रम में प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे । साथ ही माननीय श्री दिलीप जायसवाल जी (राज्य मंत्री , कुटीर एवं ग्रामोद्योग मध्यप्रदेश शासन) तथा माननीय श्रीमती हिमाद्री सिंह जी (सांसद शहडोल) विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे ।
यह आयोजन श्रद्धा , विचार और प्रेरणा का अद्वितीय संगम होगा जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि , सामाजिक कार्यकर्ता , गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्व. माथुर जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे ।
कार्यक्रम के आयोजक एवं श्री नर्मदे हर सेवा न्यास के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने समस्त नागरिकों से इस गरिमामय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है ।















