संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक के जालेश्वर सड़क मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है । वार्ड क्रमांक 01 में स्थित अमरकंटक-शहडोल के मुख्य मार्ग से लगभग एक किलोमीटर दूरी पर स्थित जालेश्वर मंदिर तक जाने वाली सड़क एवं नाका तिराहा मोड़ से बाराती टीसीपीसी तक की सड़क का निर्माण कार्य कायाकल्प 2.0 योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है । दोनों सड़कों का निर्माण कार्य लगभग 50 लाख रुपये की लागत से शिव महिमा कंस्ट्रक्शन रीवा द्वारा किया जा रहा है ।
निर्माण कार्य के तहत सबसे पहले जालेश्वर रोड पर काम शुरू किया गया है । कार्य के चलते आमजन को सूचित किया जाता है कि यह मार्ग लगभग 15 दिनों तक पूर्णतः बंद रहेगा । इस अवधि में नागरिकों से जालेश्वर मार्ग का उपयोग न करने की अपील की गई है ।
नगर परिषद अमरकंटक के सीएमओ चैन सिंह परस्ते एवं उपयंत्री ब्रजेश पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि जालेश्वर मार्ग पर निर्माण कार्य जारी है । इस दौरान आवागमन से कार्य में बाधा उत्पन्न हो सकती है इसलिए सड़क निर्माण पूर्ण होने तक करीब पंद्रह दिनों के लिए मार्ग बंद रखा गया है ।













