आपकी पूंजी आपका अधिकार जागरूकता शिविर का आयोजन 12 दिसंबर को
अनूपपुर 10 दिसम्बर 2025/ जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनूपपुर श्री दिलीप कुमार निगम ने बताया है कि निष्क्रिय बैंक खातों को सक्रिय कर अपनी राशि पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया हेतु वित्त मंत्रालय एवं भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार पूरे देश में 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत 12 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिला पंचायत अनूपपुर में आपकी पूंजी आपका अधिकार (डीईएफ) जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में अनूपपुर नगर के ग्राहकों की ऐसी जमा राशि, जिन्हें 10 वर्ष से अधिक होकर सरकार को जमा हो चुकी है, के संबंध में विभिन्न बैंकों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने अपील की है कि अनूपपुर नगर के ऐसे सभी व्यक्ति, जिनकी जमा राशि अत्यंत लंबे समय से बैंकों में जमा होकर प्राप्त नहीं हुई है, उपस्थित होकर सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर अपनी राशि प्राप्त करने हेतु शिविर का लाभ उठाएँ।
उन्होंने बताया है कि नगर के अलावा जिले के अन्य ग्राहक निष्क्रिय बैंक खातों की राशि प्राप्त करने हेतु अपनी बैंक शाखा से संपर्क करें। विशेष शिविर के अलावा भी बैंक से संपर्क कर अपनी निष्क्रिय खातों की राशि कभी भी प्राप्त की जा सकती है।


















