कुश्ती प्रारंभ , जमुना कालरी में दंगल धमाका, कई राज्यों के पहलवानों का जमावड़ा
जमुना कालरी नगर पालिका परिषद पसान क्षेत्र में पारंपरिक खेलों की शान बन चुकी वार्षिक कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को मेन दुर्गा पंडाल मैदान में हनुमान जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राम अवध सिंह ने किया। इस अवसर पर मृगेंद्र सिंह, उदय राज सिंह, विकास जायसवाल, यादवेंद्र सिंह और सचिन जायसवाल उपस्थित रहे
पहली कुश्ती फतेहगढ़ के संतोष पहलवान और गोरखपुर के अशोक पहलवान के बीच कराई गई। दोनों पहलवानों की जोरदार पैंतरेबाज़ी और दांव-पेंच ने अखाड़े में मौजूद दर्शकों में रोमांच का संचार कर दिया और मैदान तालियों से गूंज उठा
इस वर्ष के दंगल में नेपाल, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के 20 जोड़ी पुरुष तथा 20 जोड़ी महिला पहलवान अपनी कुश्ती प्रतिभा और ताकत का प्रदर्शन करेंगे
भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय द्विवेदी ने कहा कि यह दंगल केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में दर्शकों को पहुंचकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है


















