विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस कार्यक्रम का बम्हनी में हुआ आयोजन
अनूपपुर 21 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को विश्व उपभोक्ता दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिले के विकासखंड अनूपपुर के ग्राम पंचायत बम्हनी में किया गया। जिसमें जिला उपभोक्ता फोरम अनूपपुर के सदस्य श्री राजेन्द्र द्विवेदी, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती अनीता सोरते, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सीमा सिन्हा, श्री अभिषेक उपाध्याय, श्रीमती अलका पटेल व सुश्री प्रियंका सोनी, पी.ओ.एस. इंजीनियर श्री अनिरूद्ध केवट, नापतौल विभाग, गैस एजेंसी संचालक एवं उपभोक्तागण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी अधिकारियों द्वारा अपने उद्बोधन में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के विषय में उपभोक्तओं को प्रदत्त अधिकारों से अवगत कराया गया। आम उपभोक्ताओं को अपने अधिकार का उपयोग किस तरह से कर सकते हैं, के संबंध में बताया गया। क्षतिपूर्ति के लिए शिकायत करने की विधि एवं जिला उपभोक्ता फोरम/राज्य उपभोक्ता फोरम/राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम के विषय में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बताया गया कि उपभोक्ता फोरम जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करता है।
जिला उपभोक्ता फोरम में 01 करोड़ तक की खरीदी, राज्य स्तर पर स्थापित उपभोक्ता फोरम में 10 करोड़ तक की खरीदी की शिकायत तथा राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित उपभोक्ता फोरम में 10 करोड़ से अधिक की खरीदी की शिकायत दर्ज की जा सकती है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती अनीता सोरते ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के संबंध में जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने हेतु अपील किया गया।