कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के पूर्व तैयारियों एवं कार्य योजना के संबंध में बैठक लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर 26 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा है कि शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु 30 मार्च से 30 जून 2025 तक ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ चलाया जाएगा। जल गंगा संवर्धन अभियान में जल संरचनाओं के उन्नयन कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे। सभी संबंधित विभाग के अधिकारी अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सहभागिता निभाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रमुख उद्देश्य जन भागीदारी से जल संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना है। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में जल गंगा संवर्धन अभियान के पूर्व तैयारियों एवं कार्य योजना संबंधी बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.के. सोनी सहित संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि अभियान के अंतर्गत समाज की भागीदारी और विभिन्न सहभागी विभागों की समेकित पहल से नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण, भूजल संवर्धन, पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ सफाई एवं जीर्णाेद्धार तथा मरम्मत, जल स्त्रोतों में प्रदूषण के स्तर को कम करने तथा जल वितरण की संरचनाओं की साफ सफाई सहित अन्य विभिन्न कार्य किए जाएंगे। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे जल स्त्रोत एवं संरचना जिन्हें जीर्णोद्धार करने की आवश्यकता है, ऐसी संरचनाओं को 29 मार्च के पूर्व ही चिन्हित कर लिया जाए तथा इसकी जानकारी कलेक्टर कार्यालय में प्रेषित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नदी अथवा जल स्त्रोतों के समीप कार्यक्रम का आयोजन कर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के व्यापक स्तर पर शुरुआत करने हेतु प्रत्येक नगरीय निकाय एवं प्रत्येक ग्राम पंचायत में जन समुदाय की उपस्थिति में जल संरक्षण व संवर्धन अभियान प्रारंभ होगा। बैठक में कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत पौधरोपण के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि अधिकारी पौधरोपण हेतु स्थान चिन्हित कर ले तथा जल संरचनाओं के आसपास भी वृहद रूप से पौधरोपण किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने अभियान की मॉनिटरिंग हेतु गूगल ड्राइव बनाकर प्रतिदिन अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जानकारी अपडेट करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, उद्यानिकी विभाग, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, पर्यावरण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, संस्कृति विभाग तथा जनसंपर्क विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों के द्वारा अभियान के अंतर्गत सौंपे गए दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए।