मनेन्द्रगढ़। रंगोत्सव के उल्लासपूर्ण वातावरण में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके वरिष्ठ व्यंग्यकार एवं कार्टूनिस्ट जगदीश पाठक उर्फ भतीजा मनेंद्रगढ़ी को वर्ष “कार्टूनिस्ट शिरोमणि 2026” के विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान जिला एमसीबी योग समिति के सौजन्य से आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ व्यंग्यकार श्रवण कुमार उरमालिया रहे। योग समिति के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक सतीश उपाध्याय के संयोजन में आयोजित इस समारोह में अतिथियों का स्वागत रोली-चंदन और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। स्वागत करने वालों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहायक नेत्र अधिकारी आर.डी. दीवान, वनवासी विकास समिति के अध्यक्ष जगदंबा अग्रवाल, महिला समिति प्रमुख बलबीर कौर, छत्तीसगढ़ योगासन फेडरेशन के युवा योग प्रशिक्षक विवेक कुमार तिवारी, समाजसेवी सुभाष अग्रवाल, परमानंद सिंह, कविता मंगतानी, रामसेवक विश्वकर्मा, समाजसेविका रूपा पोद्दार, कल्पना सिंह राजपूत, पिंकी सलूजा, भैरव प्रसाद केशरवानी, नीलम दुबे, कैलाश दुबे, राकेश कुमार अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, बबली सिंह, नवल किशोर सिंह, अर्चना सेजपाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रवण कुमार उरमालिया ने कहा कि योग का संबंध केवल शारीरिक स्वास्थ्य से नहीं बल्कि जीवन में उल्लास और सकारात्मकता से भी है। उन्होंने योग समिति द्वारा ऐसे आयोजनों के माध्यम से साहित्य और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करते हुए जगदीश पाठक ने कहा कि योग का क्षेत्र अत्यंत व्यापक है और यह प्रसन्नता की बात है कि योग समिति योग के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम का संचालन सतीश उपाध्याय ने किया जबकि अंत में आभार प्रदर्शन महिला समिति प्रमुख बलबीर कौर ने किया। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में सुप्रसिद्ध गायक नवल किशोर सिंह और युवा गायक अनमोल सिंह ने होली गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
अंत में योग समिति के सदस्यों ने आपसी सद्भाव के साथ रंग-गुलाल खेलते हुए सामाजिक समरसता के संदेश के साथ समारोह का समापन किया।
