फूलों से मिला सम्मान, गलती पर मिली सीख
चिरमिरी पुलिस का अनूठा प्रयास
एमसीबी/चिरमिरी। चिरमिरी का हल्दीबाड़ी मुख्य मार्ग शुक्रवार को पुलिस, एनसीसी और स्काउट छात्राओं के साथ राहगीरों के बीच एक अलग ही माहौल का गवाह बना। यातायात नियमों को लेकर लोगों में जागरूकता जगाने के लिये पुलिस विभाग ने यहां एक ऐसा अभियान चलाया जो ना केवल प्रेरक रहा बल्कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान भी ले आया।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य था सुरक्षा पहले, लापरवाही कभी नहीं। नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह और उनकी टीम ने शासकीय कन्या शाला की एनसीसी और स्काउट गाइड छात्राओं के साथ मिलकर मुख्य मार्ग पर लोगों को अनोखे तरीके से जागरूक किया।
दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट में देखकर छात्राओं ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया। अचानक मिले इस सम्मान ने कई चालकों को चकित भी किया और खुश भी
वहीं बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट वालों को रोका गया और उनसे माफी मंगवाकर यह भरोसा लिया गया कि आगे से वे नियमों का पालन करेंगे। छात्राओं ने उन्हें सौम्य लेकिन प्रभावी ढंग से सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया।
पुलिस टीम और छात्राओं ने लोगों से अपील की कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट, नाबालिगों को वाहन नहीं देने और सभी यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करें। चिरमिरी पुलिस का यह अनोखा प्रयास सड़क सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक मिसाल के रूप में सामने आया है।


















