एमसीबी/खड़गवां। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (एमसीबी) जिले में जिला पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (IPS) के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को ग्राम खड़गवां में कृषि महाविद्यालय के शिलान्यास समारोह के अवसर पर जनपद ग्राउंड खड़गवां में यातायात जागरूकता स्टॉल लगाया गया। स्टॉल का संचालन थाना खड़गवां पुलिस द्वारा किया गया जहां ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता, ओवरस्पीडिंग के दुष्परिणाम, बिना लाइसेंस वाहन चलाने से होने वाले जोखिम तथा नशे की हालत में वाहन ना चलाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रामविचार नेताम के करकमलों से 10 ग्रामीण दोपहिया वाहन चालकों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किये गये।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन रक्षक सुरक्षा कवच है जिसका उपयोग सड़क दुर्घटना के दौरान जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपिका मिंज विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वयं हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं तथा अपने परिवारजनों और बच्चों को भी यातायात नियमों के पालन के लिये प्रेरित करें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले भर में स्कूल कॉलेजों, ग्रामीण अंचलों, चौक–चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, पंपलेट वितरण, हेलमेट और सीट बेल्ट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं ताकि आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में थाना खड़गवां पुलिस द्वारा ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई तथा सुरक्षित, संयमित और जिम्मेदार वाहन चलाने का संदेश दिया गया।


















