बैकुंठपुर। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अलग–अलग बैंक खातों के माध्यम से 32 लाख रुपयों की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को बैकुंठपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जूना पारा बैकुंठपुर निवासी प्रार्थी ने थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 मई 2023 की रात लगभग 8 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा वीडियो कॉल किया गया। पहचान का व्यक्ति समझकर कॉल रिसीव करने पर मोबाइल स्क्रीन पर एक युवती नग्न अवस्था में दिखाई दी जिस पर प्रार्थी ने तुरंत कॉल काट दी।
इसके बाद अज्ञात महिला द्वारा वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट लेकर अश्लील फोटो भेजे गये और 50 हजार रुपयों की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। भयभीत प्रार्थी से आरोपियों ने अलग–अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा कर कुल 32 लाख रुपयों की ठगी कर ली।
प्रकरण में थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 168/23, धारा 388, 420, 120बी भादवि एवं 66(घ) आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राजेश साहू के नेतृत्व में थाना बैकुंठपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान कर
मकसूद उर्फ मक्कू पिता आजाद उम्र 28 वर्ष निवासी पेमा खेड़ा, थाना पुन्हाना, मेवात (हरियाणा)
और प्रदीप पिता जगराम चौधरी उम्र 20 वर्ष निवासी तातरपुर मेवात (हरियाणा) को मेवात (हरियाणा) और अलवर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन लकड़ा, साइबर प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान, प्रधान आरक्षक दीपक पांडे, साइबर आरक्षक अमरेशानंद एवं आरक्षक दिनेश उईके का विशेष योगदान रहा।


















