जनजातीय गौरव यात्रा रथ कलेक्टर कार्यालय परिसर से हुई रवाना
कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सीईओ ने दिखाई रथ को हरी झंडी
अनूपपुर 11 नवम्बर 2025/ मध्यप्रदेश शासन के कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल एवं जिला पंचायत अनूपपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर से जनजातीय गौरव रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भगवान बिरसा मुण्डा के जीवन, उनके आदर्शों एवं जनजातीय समाज के योगदान के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से यह यात्रा संचालित की जा रही है। यह रथ यात्रा जिले के विभिन्न ग्रामों में भ्रमण कर जनजागरण का कार्य करेगी।
इस दौरान सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग ने जानकारी दी कि जनजातीय गौरव रथ यात्रा निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार विभिन्न ग्रामों में भ्रमण कर लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, आदर्शों एवं जनसेवा से अवगत कराएगी।
आज यह रथ यात्रा अनूपपुर से रवाना होकर ग्राम पंचायत सकरिया, बैरीबांध, जमुडी, सकरा, सजहा, लांघाटोला, पटना, शिवरीचंदास, राजेंद्रग्राम, लखौरा, धीरूटोला तथा गिरारी में भ्रमण करेगी। साथ ही जनजातीय कार्य विभाग द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में जिले में विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
इस दौरान अनुसूचित जनजातीय आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह मरावी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


















