यातायात पुलिस हुई सख्त, 371 काटे चालान
नियमों का पालन करने दी समझाइश
रिपोर्टर हुकुम सिंह
उमरिया में यातायात पुलिस द्वारा नियमों के उल्लंघन पर नकेल कसते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर शहर में विशेष अभियान के दौरान विगत 26 नवम्बर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक 371 चालान काटे गए जिसमे 167400 समन शुल्क जमा की गई। यातायात थाना प्रभारी सी के तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला मुख्यालय के प्रमुख स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट,ओवरलोडिंग, गलत पार्किंग, कागजात अधूरे होने सहित अन्य नियम उल्लंघन के मामलों में चालान जारी किए गए हैं। यातायात पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें तथा वाहन कागजात हमेशा साथ रखें, ताकि स्वयं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके और कार्रवाई से भी बचा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बुधवार को सुबह से शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान नो-पार्किंग ज़ोन में वाहन खड़े कर यातायात में बाधा पैदा करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी तथा परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।


















